हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के लडभड़ोल क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने छह परिवारों को ऐसा जख्म दिया है, जिसे भर पाना आसान नहीं होगा। इस दुर्घटना में पांच नाबालिगों सहित छह युवाओं की जान चली गई। गुरुवार को जब मृतकों के शव उनके पैतृक गांवों में पहुंचे तो पूरे क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। सिमस से लेकर गवाला और दरोब तक के गांवों में मातम पसरा रहा। मां अपने बेटों को पुकारती रहीं तो पिता अपने लाडलों के शवों से लिपटकर बिलखते रहे।
छह युवाओं की अर्थियां उठीं तो ग्रामीणों की आंखें भी हुईं नम
एक साथ छह युवाओं की अर्थियां उठीं तो अंतिम विदाई देने पहुंचे ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। हादसे में जान गंवाने वाले युवाओं में चार अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। जिन घरों में कभी बच्चों की हंसी गूंजती थी, वहां अब असहनीय सन्नाटा पसरा है। परिजनों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। वे बार-बार बेसुध हो रहे थे, जबकि रिश्तेदार और ग्रामीण उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे। अपनों को खोने का दर्द हर किसी को भीतर तक झकझोर रहा था।

एक साथ जलीं चिताएं तो माहौल हुआ गमगीन
गुरुवार को क्षेत्र के अलग-अलग श्मशानघाटों में मृतकों का अंतिम संस्कार किया गया। त्रिवेणी घाट और कुड्ड श्मशानघाट में जब एक साथ चिताएं जलीं तो माहौल बेहद गमगीन हो गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार और क्षेत्र के लोग शामिल हुए। हर कोई इस दुखद घटना से स्तब्ध नजर आया। कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले और गांवों में दिनभर शोक का माहौल बना रहा।
पूरे लडभड़ोल क्षेत्र में गहरा सदमा
इस हादसे ने केवल छह परिवारों को ही नहीं, बल्कि पूरे लडभड़ोल क्षेत्र को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिन युवाओं से परिवारों को भविष्य की उम्मीदें थीं, वे अचानक सभी को छोड़कर चले गए। गांवों में हर तरफ हादसे की चर्चा रही और लोग पीड़ित परिवारों को ढाढ़स बंधाने पहुंचते रहे।

कोठी पतन के समीप ब्यास नदी में गिरी कार, दो लोग घायल
मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र में कोठी पतन के समीप एक कार अनियंत्रित होकर ब्यास नदी में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में हेमराज (64) और कृष्ण चंद (34) घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को नागरिक अस्पताल धर्मपुर लाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया जा सका।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


