सिरमौर, 18 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार दो भाइयों पर गोली चलाने और एक की जान लेने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने अपनी बहन को मृतक के बेटे द्वारा घर से भगाकर ले जाने की रंजिश में इस वारदात को अंजाम देने की साजिश रची थी। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने मामले की जानकारी दी।
एसपी एनएस नेगी के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को रविंद्र सिंह पुत्र खयाली राम निवासी गांव क्यारटा पिपलटी ने पुलिस थाना शिलाई में शिकायत दर्ज करवाई थी। उसने बताया कि वह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर गांव चांदपुर धार से घर लौट रहा था। सुबह करीब 7:20 बजे कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर पीछे बैठे खजान सिंह नीचे गिर गए।

हेलमेट में मिला गोली का निशान
रविंद्र सिंह ने घर पहुंचने के बाद अपने हेलमेट की जांच की तो उसके पिछले हिस्से में छेद मिला। हेलमेट के अंदर चांदी रंग की धातु की एक गोली भी बरामद हुई। रविंद्र सिंह के सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई है।
शिकायत के आधार पर पुलिस थाना शिलाई में अभियोग संख्या 67/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की।
डीएसपी मान्वेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में बनी SIT
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी एनएस नेगी ने डीएसपी मान्वेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल (SIT) का गठन किया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं, राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला जुन्गा की विशेषज्ञ टीम ने भी मौके पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से जांच की।

SIT ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद 18 नवंबर को पुलिस ने आरोपी विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिम्बी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया।
बहन को भगाकर ले जाने की रंजिश में वारदात को दिया अंजाम
एसपी एनएस नेगी के मुताबिक, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपनी बहन सुमन को मृतक के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने के कारण रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने कथित तौर पर सोची-समझी साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया।

एसपी ने बताया कि आरोपी को अदालत शिलाई में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


