धर्मशाला में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात नहीं हो पाने पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य जय सिंह के नेतृत्व वाले प्रतिनिधिमंडल ने नाराजगी जताई है। चंबा की जनसमस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल को बिना मुलाकात किए ही वापस लौटना पड़ा। इस पर भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी है कि भविष्य में मुख्यमंत्री के चंबा दौरे के दौरान उनका घेराव किया जाएगा और काले झंडे दिखाकर विरोध जताया जाएगा।

जय सिंह ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल चंबा मेडिकल कॉलेज में हुई तीन मौतों से जुड़ी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने, चंबा एचआरटीसी डिपो में बसों की कमी और क्षेत्र की अन्य जनसमस्याओं को मुख्यमंत्री के सामने उठाने के लिए धर्मशाला पहुंचा था। उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल सुबह से ही विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री से मुलाकात की उम्मीद में बैठा रहा, लेकिन बाद में उन्हें बताया गया कि मुलाकात संभव नहीं हो पाएगी और उन्हें वापस लौटना पड़ेगा।

जय सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री से मुलाकात नहीं होने के विरोध में प्रतिनिधिमंडल ने विधानसभा परिसर से जोरावर स्टेडियम तक काले झंडे और गोबर लेकर मौन जुलूस निकाला। जोरावर स्टेडियम में पुलिस ने उन्हें करीब ढाई से तीन घंटे तक रोके रखा। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मुलाकात करवाने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन बाद में बताया गया कि मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से दिल्ली रवाना हो गए हैं। उन्हें अगले दिन मुलाकात होने की संभावना के बारे में भी बताया गया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


