हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में ड्रोन प्रोजेक्ट के नाम पर करोड़ों रुपये की फंडिंग मिलने और IIT जोधपुर के एक आयोजन में शामिल होने का दावा करने वाले छात्र सर्वेश शर्मा को लेकर जांच में कई चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। तीन सदस्यीय जांच कमेटी की रिपोर्ट के मुताबिक, सर्वेश शर्मा ने IIT जोधपुर के आयोजन में हिस्सा ही नहीं लिया था। IIT जोधपुर ने ईमेल के जरिए इसकी पुष्टि की है। वहीं, 39 पन्नों के कथित अनुबंध पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बड़ू के प्राचार्य के हस्ताक्षर होने की भी पुष्टि नहीं हुई है।

236 पन्नों की जांच रिपोर्ट सौंपी
तीन सदस्यीय जांच कमेटी ने अपनी 236 पन्नों की रिपोर्ट और डिजिटल फुटप्रिंट से जुड़ी रिपोर्ट तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक को सौंप दी है। जांच में पता चला है कि कथित अनुबंध पर राजकीय बहुतकनीकी संस्थान बड़ू के प्राचार्य के हस्ताक्षर नहीं हैं। इसके बजाय इस पर डिफेंस इनोवेशन ऑर्गेनाइजेशन (DIO) के पोर्टल पर दर्शाए गए सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के हस्ताक्षर मिले हैं।
इन हस्ताक्षरों की सत्यता की जांच के लिए तकनीकी शिक्षा विभाग ने DIO से पत्राचार किया है। गौरतलब है कि DIO पहले ही ड्रोन प्रोजेक्ट के नाम पर फंडिंग मिलने और इससे जुड़े दावों को खारिज कर चुका है।
ईमेल और दस्तावेजों की भी हुई जांच
जांच कमेटी ने सर्वेश शर्मा की ओर से कॉलेज प्रबंधन को दिए गए ईमेल के स्क्रीनशॉट और अन्य दस्तावेजों की भी पड़ताल की। जांच के दौरान इन दस्तावेजों में ब्राउजर और ईमेल एड्रेस से जुड़े जरूरी विवरण नहीं मिले।

सितंबर में ड्रोन प्रोजेक्ट के लिए करोड़ों रुपये की फंडिंग मिलने का दावा मीडिया में सामने आया था। इसके बाद मामले की जांच शुरू हुई। 15 अक्तूबर से पहले ही DIO और कॉलेज प्रबंधन के बीच ईमेल के जरिए बातचीत शुरू हो गई थी। इस दौरान DIO का सर्वेश शर्मा से भी संवाद हुआ था।
27 अक्तूबर को DIO को भेजी थी शिकायत
जांच में यह भी सामने आया है कि सर्वेश शर्मा ने 27 अक्तूबर को DIO को ईमेल भेजकर खुद ठगी का शिकार होने की शिकायत की थी। इसके अगले ही दिन DIO ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा कर ड्रोन प्रोजेक्ट की फंडिंग से जुड़े दावों को खारिज कर दिया था।
DIO की इस पोस्ट के स्क्रीनशॉट कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित होने के बाद मामला और गंभीर हो गया।
हॉस्टल की बालकनी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हुआ था सर्वेश
DIO की पोस्ट के स्क्रीनशॉट कॉलेज के व्हाट्सएप ग्रुप में प्रसारित होने के बाद सर्वेश शर्मा ने खुद को कमरे में बंद कर लिया था। कुछ समय बाद वह हॉस्टल की बालकनी से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल उसका चंडीगढ़ में इलाज चल रहा है।

DIO से हस्ताक्षरों की सत्यता की होगी पुष्टि
तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक रोहित राठौड़ ने बताया कि कथित अनुबंध पर संस्थान के प्राचार्य ने हस्ताक्षर नहीं किए थे। अनुबंध पर DIO की वेबसाइट पर दर्शाए गए एक अधिकारी के हस्ताक्षर पाए गए हैं। इन हस्ताक्षरों की सत्यता की पुष्टि के लिए DIO से पत्राचार किया जाएगा।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


