कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गांव बरूवाल के पास हुए भीषण सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। मृतकों के परिवारों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से थाना कीरतपुर साहिब के बाहर धरना दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कीरतपुर साहिब-मंडी मुख्य मार्ग को करीब डेढ़ घंटे तक जाम रखा। परिजनों की मांग थी कि हादसे के लिए जिम्मेदार थार चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम करीब पांच बजे कुल्लू-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर गांव बरूवाल के नजदीक दर्दनाक हादसा हुआ था। हिमाचल प्रदेश की ओर से कीरतपुर साहिब आ रही तेज रफ्तार थार गाड़ी ने सड़क किनारे खड़े दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल व्यक्ति का फिलहाल उपचार चल रहा है।
मृतकों की पहचान बलबीर सिंह (60) पुत्र जीत सिंह निवासी गांव बरूवाल और विश्वनाथ (32) पुत्र नंद लाल निवासी गांव पल्ली, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों व्यक्ति गांव बरूवाल की सीमा में सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान हिमाचल प्रदेश की तरफ से आ रही थार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बाद थार चालक गाड़ी सहित मौके से फरार हो गया था। इसी को लेकर मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने थाना कीरतपुर साहिब के बाहर प्रदर्शन किया और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


