धर्मशाला, 12 नवंबर। देहरा के मुख्य चौक से वार्ड नंबर-01 स्थित खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति गोदाम तक जाने वाली सड़क पर अब दिन के समय भारी वाहनों की आवाजाही नहीं होगी। उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है।

उपायुक्त ने बताया कि संबंधित सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण यहां भारी वाहनों की आवाजाही से अक्सर जाम लग जाता है। इससे आम लोगों को परेशानी होती है। इसके अलावा पैदल चलने वालों, खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों की सुरक्षा और उपमंडल आयुर्वेदिक अस्पताल तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है। इससे आपातकालीन सेवाओं के वाहनों की आवाजाही भी बिना किसी बाधा के हो सकेगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सड़क को पहले से ही नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है और वहां लागू मौजूदा प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे। हालांकि, एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और आपातकालीन व आवश्यक सेवाओं में तैनात वाहनों को भारी वाहनों की आवाजाही पर लगाए गए इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

उपायुक्त ने नगर परिषद देहरा के कार्यकारी अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि संबंधित मार्ग पर उचित और स्पष्ट दिखाई देने वाले स्थानों पर साइनबोर्ड लगाए जाएं। इन बोर्डों के माध्यम से आम लोगों को नो-पार्किंग जोन और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध के समय की जानकारी दी जाएगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


