शाहपुर। ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार की ग्रीन पंचायत योजना के तहत शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की गुब्बर पंचायत को बड़ी सौगात मिली है। उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया ने 12 नवंबर को परगोड़ में करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 500 किलोवाट क्षमता के सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पंचायत को आय का स्थायी स्रोत मिलेगा और ग्रामीण विकास को भी मजबूती मिलेगी।
पठानिया ने बताया कि यह जिला का पहला ट्रिपल-पी (पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल पर आधारित सौर ऊर्जा संयंत्र है। इससे स्वच्छ और हरित ऊर्जा का उत्पादन होगा। साथ ही स्थानीय पंचायत की आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने और बिजली कटौती की समस्या से राहत दिलाने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने बताया कि ग्रीन पंचायत योजना की सबसे बड़ी खासियत इसका राजस्व साझाकरण मॉडल है। इसके तहत परियोजना से होने वाली कुल आय का 20 प्रतिशत हिमाचल प्रदेश सरकार को और 30 प्रतिशत हिमऊर्जा (HIMURJA) को दिया जाएगा। हिमऊर्जा की यह राशि परियोजना के संचालन, रखरखाव और प्रबंधन पर खर्च होगी। शेष 50 प्रतिशत राजस्व स्थानीय सामाजिक और सामुदायिक विकास कार्यों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा।
पठानिया के अनुसार, स्थानीय विकास के लिए तय 50 प्रतिशत राशि में से 25 प्रतिशत संबंधित ग्राम पंचायत के विकास कार्यों पर खर्च होगा। वहीं, बाकी 25 प्रतिशत राशि उसी पंचायत के अनाथ बच्चों और विधवा महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के लिए निर्धारित की गई है। इस तरह यह योजना केवल स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि ग्रामीण विकास और सामाजिक सुरक्षा में भी अहम भूमिका निभाएगी।
15 लाख से बने खेल मैदान का भी उद्घाटन
इस अवसर पर विधायक ने करीब 15 लाख रुपये की लागत से तैयार खेल मैदान का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि चंगर क्षेत्र के लिए यह एक महत्वपूर्ण सौगात है। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर इस क्षेत्र में बने खेल मैदान से स्थानीय युवाओं और बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि मैदान में विभिन्न खेलों के आयोजन, युवाओं के अभ्यास और ग्रामीण स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं करवाने की सुविधा उपलब्ध होगी। यहां भविष्य में जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की संभावनाएं भी विकसित की जा सकती हैं। खेल मैदान युवाओं को नशे से दूर रखने, उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और खेल प्रतिभाओं को निखारने में मददगार साबित होगा।

चंगर में पेयजल और बिजली व्यवस्था सुधारने पर खर्च हुए करोड़ों रुपये
पठानिया ने कहा कि चंगर क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के सुधार पर करीब 30 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं, जबकि बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगभग 3.85 करोड़ रुपये की राशि व्यय की गई है। इन कार्यों से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
BBMB एरियर मामले में प्रदेश को मिली बड़ी सफलता
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल के हितों की रक्षा और राज्य को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी के 15 वर्षों से लंबित एरियर के मामले में प्रदेश सरकार को मिली सफलता राजनीतिक इच्छाशक्ति और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। यह हिमाचल के अधिकारों की लड़ाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
पठानिया ने बताया कि इस निर्णय के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश को आगामी 20 वर्षों में करीब 12,000 मिलियन यूनिट बिजली प्राप्त होगी। मौजूदा दरों के आधार पर इससे प्रदेश को हर साल लगभग 500 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है।
उन्होंने किशाऊ बांध परियोजना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे बिजली उत्पादन शुरू होने पर हिमाचल प्रदेश को बिना किसी अतिरिक्त खर्च के हर साल करीब 1,500 करोड़ रुपये की आय मिलने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि बीबीएमबी और किशाऊ बांध परियोजना से जुड़े इन दोनों प्रयासों के परिणामस्वरूप प्रदेश को प्रतिवर्ष लगभग 3,000 करोड़ रुपये की आय प्राप्त होने की संभावना है। इससे राज्य के वित्तीय संसाधन मजबूत होंगे और हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के मुख्यमंत्री के संकल्प को बल मिलेगा।

पठानिया ने कहा कि चंगर क्षेत्र के लोगों का उन्हें हमेशा सहयोग और स्नेह मिलता रहा है। क्षेत्र के लोगों का कांग्रेस पार्टी से जुड़ना प्रदेश सरकार की नीतियों और विकास कार्यों के प्रति उनके विश्वास को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शाहपुर की जनता उनकी सबसे बड़ी ताकत है और वह लोगों के विश्वास व सहयोग के लिए हमेशा आभारी रहेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार जताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री का लक्ष्य हिमाचल को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए प्रदेश के उपलब्ध प्राकृतिक और अन्य संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
कुराश में कांस्य पदक जीतने वाली निहारिका राणा सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान केवल सिंह पठानिया ने कुराश खेल में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली निहारिका राणा को सम्मानित किया। उन्होंने निहारिका को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर और प्रोत्साहन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर एसडीएम कांगड़ा डॉ. अंजलि गर्ग, एसडीएम ज्वाली नरेंद्र, उच्च शिक्षा विभाग के उपनिदेशक अजय समयाल, एप्रोप्रिएट टेक्नोलॉजी सेंटर शाहपुर की प्रभारी डॉ. सुनंदा पठानिया, डीएफओ अमित शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विक्रम कटोच, बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता ठाकुर, हिमऊर्जा के प्रोजेक्ट अधिकारी अरुण भारद्वाज, सीडीपीओ रैत निर्मला चौहान, बीडीओ रैत योगेंद्र, प्राचार्य डॉ. विश्वजीत एवं संजय शर्मा, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, एसडीओ रमेश, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, चंगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजन, जिला परिषद सदस्य मीना राणा, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, प्रधान रेणु, उपप्रधान बुद्धि राणा, मनेई प्रधान दर्शन सिंह, प्रधान पिंकी देवी, प्रधान सरिता, रविंद्र, ओंकार, उपप्रधान राजकुमार, मंजीत राणा, अमन चौधरी, बलदेव और सत्येंद्र शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


