हिमाचल प्रदेश की तहसीलों में अब राजस्व मामलों से जुड़ी अपीलों की सुनवाई के लिए सप्ताह में तीन दिन निर्धारित किए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत तहसीलदार और नायब तहसीलदार इन दिनों तकसीम, इंतकाल और अन्य राजस्व मामलों की अपीलों पर सुनवाई करेंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सुनवाई के दौरान मामलों का मौके पर ही निपटारा करने का प्रयास किया जाए, ताकि लोगों को बार-बार तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने भी लंबित मामलों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए हैं।

नई व्यवस्था के अनुसार सप्ताह के सोमवार, मंगलवार और बुधवार को तहसीलदार और नायब तहसीलदार नियमित सरकारी कामकाज निपटाएंगे। वहीं, सप्ताह के अन्य तीन दिन राजस्व मामलों की अपीलों की सुनवाई के लिए निर्धारित होंगे। इससे लोगों को अपने मामलों की पैरवी के लिए तय दिनों में अधिकारियों के सामने पेश होने की सुविधा मिलेगी।

दरअसल, प्रदेश में तकसीम, इंतकाल, निशानदेही और राजस्व रिकॉर्ड में दुरुस्ती से जुड़े कई मामले लंबे समय तक लंबित रहते हैं। सुनवाई में देरी और बार-बार पेशियों के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इससे उनका समय और पैसा भी खर्च होता है। ऐसे में नई व्यवस्था लागू होने से राजस्व मामलों के निपटारे में तेजी आने और लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


