कांगड़ा। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित बनोई चौक में फायरिंग की घटना से दुकानदारों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। बुधवार रात करीब 9:30 बजे कार सवार एक व्यक्ति ने हवा में तीन गोलियां चलाईं और मौके से चला गया। घटना की सूचना एक दुकानदार ने गगल पुलिस थाना में दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी तथ्य जुटाए।

बताया जा रहा है कि काले रंग की एक कार काफी देर तक बनोई चौक में खड़ी रही। कार में चालक के अलावा पिछली सीट पर भी कुछ लोग बैठे थे और वे आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान एक व्यक्ति कार से नीचे उतरा और देसी कट्टे से हवा में तीन फायर किए। इसके बाद वह वहां से चला गया।
फायरिंग की यह घटना एक दुकानदार के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि, फुटेज में कार का नंबर साफ दिखाई नहीं दे रहा है। इस वजह से अभी तक कार, उसमें बैठे लोगों और बाहर निकलकर फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।
एक प्रत्यक्षदर्शी से भी पूछताछ
पुलिस ने शिकायतकर्ता दुकानदार के अलावा बनोई चौक में मूंगफली की रेहड़ी लगाने वाले एक प्रत्यक्षदर्शी से भी पूछताछ की है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बनोई चौक और आसपास के इलाकों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि फायरिंग करने वाले व्यक्ति और कार की पहचान की जा सके।
हाईवे पर फायरिंग से लोगों में दहशत
व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर हुई इस घटना ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि फायरिंग के दौरान गोली किसी राहगीर, दुकानदार या अन्य व्यक्ति को लग सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की जल्द पहचान करने और उसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
पुलिस थाना गगल के प्रभारी उधम सिंह राजपूत ने बताया कि पुलिस टीम आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। घटना से जुड़े तथ्य जुटाए जा रहे हैं और फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उस तक जल्द पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


