शाहपुर। शाहपुर के भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रसिद्ध समाजसेवी राकेश चौहान (पिंका) का बुधवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से शाहपुर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। बताया जा रहा है कि सुबह सैर करने के बाद जैसे ही वह घर पहुंचे, उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा। परिजन उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली।

12 दिसंबर 1962 को जन्मे राकेश चौहान (पिंका) ने 4 नवंबर 2026 को अंतिम सांस ली। उन्होंने अपना जीवन समाजसेवा, जनकल्याण और जनहित के कार्यों के लिए समर्पित किया। वह भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता होने के साथ-साथ जिला कांगड़ा फुटबॉल संघ के अध्यक्ष भी थे। राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के अलावा खेल जगत में भी उनकी खास पहचान थी। मिलनसार स्वभाव और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी के चलते क्षेत्र के लोगों के बीच उनका विशेष सम्मान था।
बुधवार दोपहर करीब एक बजे नोन 39 मील स्थित श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े बेटे कावेश ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान राजनीतिक क्षेत्र के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, खेल जगत से जुड़ी हस्तियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी।
राकेश चौहान अपने पीछे पत्नी और दो बेटों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके आकस्मिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनके जाने से क्षेत्र ने एक अनुभवी राजनीतिक कार्यकर्ता, समर्पित समाजसेवी और खेलों से जुड़े एक महत्वपूर्ण व्यक्तित्व को खो दिया है।

वहीं, शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने राकेश चौहान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदनाएं जताते हुए कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


