शाहपुर। राज्यपाल के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मनई-भंडरेला पहुंचने से पहले सड़क पर रातों-रात पैचवर्क कर दिया गया। इसको लेकर भाजपा युवा मोर्चा जिला कांगड़ा के महामंत्री अरुण कौशल ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर राज्यपाल शाहपुर-डोभ-हरनेरा-मनई सड़क मार्ग से होकर आते, तो शायद इस सड़क पर रहने वाले लोगों की वर्षों पुरानी परेशानी भी प्रशासन और संबंधित विभाग के ध्यान में आती।

अरुण कौशल ने कहा कि शाहपुर-डोभ-हरनेरा-मनई सड़क की हालत लंबे समय से खराब है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण सड़क पर हमेशा दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खस्ताहाल सड़क से वाहन चालकों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है और उनके वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब किसी वीआईपी का दौरा होता है, तो रातों-रात सड़क की मरम्मत कर दी जाती है, लेकिन आम जनता को रोज इसी सड़क से गुजरने के बावजूद राहत क्यों नहीं मिलती? क्या अधिकारियों को आम लोगों की परेशानी तभी दिखाई देती है, जब किसी वीआईपी का दौरा प्रस्तावित होता है?

अरुण कौशल ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की कि शाहपुर-डोभ-हरनेरा-मनई सड़क की हालत सुधारने के लिए गंभीरता से कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिक पैचवर्क करने के बजाय सड़क की स्थायी मरम्मत करवाई जानी चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को सुरक्षित और बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


