शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय लंज में राष्ट्रीय एकता दिवस और नशामुक्त भारत अभियान के तहत विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और नशामुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम के दौरान एनएसएस स्वयंसेवी पलक ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार रखे। वहीं, मुख्य अतिथि डॉ. संजय कुमार शर्मा ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने में उनके योगदान के बारे में बताया।
डॉ. शर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता केवल एक दिन मनाने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह हर नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करते हुए अपनी ऊर्जा शिक्षा, सकारात्मक गतिविधियों और सामाजिक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी से ही एक सशक्त, स्वस्थ और नशामुक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।
इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों और अन्य प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने, खुद जागरूक बनने और समाज को नशामुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ भी ली।

कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी रघुवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर करीब 40 एनएसएस स्वयंसेवियों के साथ महाविद्यालय के प्राध्यापक भी मौजूद रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


