शाहपुर। राजकीय महाविद्यालय शाहपुर में विद्यार्थियों ने अपनी कला के जरिए नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। महाविद्यालय के रेड रिबन क्लब की ओर से क्षय रोग (टीबी), नशा निवारण और एचआईवी/एड्स के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए पत्थर चित्रकारी गतिविधि आयोजित की गई। क्लब की नोडल अधिकारी डॉ. अंजना भारद्वाज के मार्गदर्शन में हुए इस कार्यक्रम में 25 से 30 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

गतिविधि के दौरान विद्यार्थियों ने पत्थरों पर आकर्षक चित्र बनाए और उनके माध्यम से स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए। ‘नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो’ और ‘नशे को ना, जीवन को हां’ जैसे नारों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यार्थियों ने चित्रों में टूटी हुई जंजीरों और अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ते जीवन को दिखाकर नशामुक्त जीवन का महत्व भी समझाया।
विद्यार्थियों ने एचआईवी/एड्स और क्षय रोग यानी टीबी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और इनके प्रति सही जानकारी फैलाने का संदेश भी दिया। गतिविधि में तैयार किए गए चित्रित पत्थरों को महाविद्यालय के उद्यान में प्रदर्शित किया गया, ताकि वहां एक स्थायी जागरूकता स्थल विकसित किया जा सके।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वजीत सिंह ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश प्रभावी तरीके से लोगों तक पहुंचाए जा सकते हैं। इस गतिविधि के जरिए विद्यार्थियों को नशामुक्त, स्वस्थ और जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


