शाहपुर। दिल्ली में वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद शाहपुर में भी इस मुद्दे पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा नेता एवं जिला कांगड़ा किसान मोर्चा के महासचिव सतेंद्र गौतम ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए पूछा है कि यदि शाहपुर में मतदाता सूची से लोगों के नाम काटे गए हैं, तो उन नामों को सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा है?

सतेंद्र गौतम ने सवाल किया कि क्या मृत व्यक्तियों और एक से अधिक स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं के नाम भी मतदाता सूची में बने रहने चाहिए? उन्होंने कांग्रेस नेताओं से यह भी पूछा कि उन्हें आखिर क्यों लगता है कि वोट चोरी हो रही है।
भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि क्या शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया की जीत भी वोट चोरी से हुई है? क्या राजीव पटियाल नगर पंचायत शाहपुर से पार्षद का चुनाव वोट चोरी के दम पर जीतकर उपाध्यक्ष बने हैं?
सतेंद्र गौतम ने कांग्रेस नेताओं को दिल्ली से लौटने के बाद खुली चर्चा की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि इस चर्चा में विधायक केवल सिंह पठानिया को भी शामिल होना चाहिए। गौतम ने लाइव टॉक शो के माध्यम से कांग्रेस नेताओं के सवालों का जवाब देने और उनकी बात सुनने की बात कही।

उन्होंने विधायक केवल सिंह पठानिया को चुनौती देते हुए कहा कि यदि विकास कार्यों को लेकर किए जा रहे दावे सही हैं, तो पत्रकार वार्ता के बजाय जनता के बीच बैठकर अपने चुनावी घोषणा पत्र और विकास कार्यों का प्रमाण सहित हिसाब दें।
सतेंद्र गौतम ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने जनता के वोट से सत्ता और पद हासिल किए हैं। अब उन्हीं मतदाताओं के वोटों पर सवाल उठाकर कांग्रेस नेता जनता के जनादेश का अपमान कर रहे हैं।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


