शाहपुर। शाहपुर में त्योहारों के सीजन के बीच ट्रेड फेयर को लेकर सियासत गरमा गई है। बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है, लेकिन स्थानीय दुकानदारों का आरोप है कि लोग बाजार की दुकानों से खरीदारी करने के बजाय ट्रेड फेयर का रुख कर रहे हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर असर पड़ रहा है। मेले के आयोजन को लेकर व्यापारियों में नाराजगी है और इसका विरोध भी सामने आने लगा है।

इस मुद्दे पर शाहपुर के भाजपा नेता राकेश चौहान ने विधायक केवल सिंह पठानिया पर निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए लिखा, “दिल्ली का व्यापारी राहुल गांधी से दुखी, शाहपुर का व्यापारी विधायक केवल पठानिया से दुखी।” इसके साथ ही उन्होंने लिखा, “त्योहारों का मौसम, बाजारों में रौनक गायब।”
राकेश चौहान ने ट्रेड फेयर के आयोजन को स्थानीय व्यापारियों के कारोबार पर पड़ रहे असर से जोड़ते हुए विधायक पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि त्योहारों के दौरान स्थानीय दुकानदारों को अच्छे कारोबार की उम्मीद रहती है, लेकिन मेले में खरीदारी होने के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ट्रेड फेयर को लेकर उठे विरोध के बीच शाहपुर में स्थानीय व्यापारियों के हितों और मेले के आयोजन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब यह मुद्दा स्थानीय कारोबार के साथ-साथ राजनीतिक बहस का भी हिस्सा बनता नजर आ रहा है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


