हिमाचल प्रदेश के युवा संस्कृत विद्वान भानुज वशिष्ठ के लिए बड़ी उपलब्धि सामने आई है। संस्कृत भाषा और रामायण अध्ययन के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें प्रतिष्ठित ‘संस्कृत भूषण सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा। रामायण रिसर्च काउंसिल की केंद्रीय चयन समिति की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया है। संस्था के अध्यक्ष के अनुसार, भानुज वशिष्ठ ने कम उम्र में ही संस्कृत साहित्य, वेद और रामायण पर शोध के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है, जिसकी देशभर में सराहना हुई है।

यह सम्मान समारोह 4 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे नई दिल्ली के सरदार पटेल मार्ग स्थित होटल आईटीसी मौर्या के कमल महल हॉल में आयोजित होगा। समारोह में देशभर से संस्कृत विद्वान, शिक्षाविद और साहित्यकार शामिल होंगे।
रामायण रिसर्च काउंसिल के अनुसार, भानुज वशिष्ठ को यह सम्मान संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार और युवा पीढ़ी को पारंपरिक ज्ञान से जोड़ने के उनके प्रयासों के लिए दिया जा रहा है। सांसद चिंतामणि महाराज के निमंत्रण पर उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। भानुज ने अपने शोध कार्यों के माध्यम से रामायण के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व को डिजिटल माध्यम से आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

इस अवसर पर रामायण रिसर्च काउंसिल अपने नए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘रामायण वार्ता’ की भी शुरुआत करेगी। यह वेबसाइट संस्कृत, रामायण और भारतीय संस्कृति से जुड़े नए शोध, लेख और समाचारों के लिए समर्पित होगी। सम्मान को लेकर भानुज वशिष्ठ ने कहा कि यह उनके लिए प्रेरणा का अवसर है और वह संस्कृत भाषा के उत्थान के लिए लगातार काम करते रहेंगे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


