हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला मुख्यालय धर्मशाला में 15 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सोमवार को छात्रा का शव किराये के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
मृतका मंडी जिले के बल्ह तहसील क्षेत्र की रहने वाली थी। वह धर्मशाला के एक निजी स्कूल में जमा एक कक्षा में पढ़ती थी और पढ़ाई के लिए यहां किराये के क्वार्टर में रह रही थी।
कमरे में दुपट्टे के सहारे लटका मिला शव
जानकारी के अनुसार, छात्रा अपने कमरे में दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी हुई मिली। सोमवार दोपहर 12:43 बजे क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला से पुलिस को घटना की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने छात्रा के माता-पिता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। परिजनों और गवाहों ने छात्रा की मौत को लेकर किसी व्यक्ति पर संदेह जाहिर नहीं किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस थाना धर्मशाला में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 194 के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रा का शव परिजनों को सौंप दिया गया।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


