सिरमौर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9.82 ग्राम चिट्टा बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई डिटैक्शन सैल राजगढ़ की टीम ने दाड़ो देवरिया क्षेत्र में की। पुलिस के अनुसार, टीम गश्त पर थी, इसी दौरान उसे गुप्त सूचना मिली कि कोटला बड़ोग निवासी अंशु बाइक पर चिट्टा लेकर सोलन से कोटला बड़ोग की ओर आ रहा है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से कुल 9.82 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अंशु निवासी कोटला बड़ोग, डाकघर दाड़ो देवरिया, तहसील पच्छाद के रूप में हुई है।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना पच्छाद में मादक पदार्थों से संबंधित एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब बरामद मादक पदार्थ के स्रोत और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। जिला पुलिस की ओर से मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


