हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं और उनके परिजनों से लाखों रुपये लेने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला पर करीब 20 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला जिले के एक बैंक में चपरासी के पद पर कार्यरत है और उसके खिलाफ सदर थाना हमीरपुर में वर्ष 2025 में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, महिला के खिलाफ रामपुर, हमीरपुर और झंडूता की अदालतों से गैर जमानती वारंट जारी हुए थे। शनिवार को पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जांच में शामिल किया। महिला पर आरोप है कि उसने सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर बेरोजगार युवाओं और उनके परिवारों से करीब 20 लाख रुपये लिए।
सरकारी नौकरी दिलाने का दिया भरोसा
मामले में एक युवक ने महिला पर ठगी के आरोप लगाए थे। इसके अलावा अन्य लोगों की शिकायतें भी पुलिस को मिली हैं। आरोपी महिला हमीरपुर जिले के ही एक क्षेत्र की रहने वाली है। आरोप है कि वह बेरोजगार युवाओं और उनके परिजनों को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे लाखों रुपये लेती थी।
बताया जा रहा है कि महिला ने हमीरपुर के अलावा पालमपुर और रामपुर क्षेत्र में भी लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। जब नौकरी नहीं मिली और पीड़ितों ने अपने पैसे वापस मांगे तो कथित तौर पर उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ा।
पैसे लौटाने के लिए दिए चेक, खाते में नहीं थी रकम
आरोप है कि रकम वापस करने का दबाव बढ़ने पर महिला पीड़ितों को बैंक के चेक देती थी। हालांकि, खाते में पर्याप्त धनराशि नहीं होने के कारण ये चेक बाउंस हो जाते थे। इससे पीड़ितों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
पुलिस कर रही मामले की जांच
महिला के खिलाफ दर्ज मामले और अदालतों से जारी गैर जमानती वारंट के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है। फिलहाल पुलिस आरोपी महिला से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस मामले में कितने लोग प्रभावित हुए हैं और ठगी की कुल रकम कितनी है।
एएसपी हमीरपुर राजेश कुमार ने बताया कि महिला को शनिवार को गिरफ्तार किया गया था। उसके खिलाफ नौकरी के नाम पर ठगी करने का आरोप है। उसे जांच में शामिल किया गया है और मामले की जांच जारी है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


