धर्मशाला में महर्षि वाल्मीकि जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शाहपुर के विधायक एवं विधानसभा उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने कजलोट गांव के 28 परिवारों को जल्द भूमि पट्टे दिए जाने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू जल्द ही इन परिवारों को भूमि पट्टे प्रदान करेंगे। इस दौरान उन्होंने कजलोट गांव में पांच सोलर लाइटें लगाने की घोषणा की और आयोजन समिति को 11 हजार रुपये की नकद राशि भी भेंट की।
धर्मशाला, 25 अक्तूबर। कजलोट में महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि भारतीय संस्कृति, साहित्य और आध्यात्मिक परंपरा के महान व्यक्तित्व हैं। उनकी शिक्षाएं आज भी लोगों को सत्य, न्याय, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा का संकल्प लेकर काम करने वाले जनप्रतिनिधियों के लिए महर्षि वाल्मीकि के आदर्श बेहद प्रासंगिक हैं। जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय, सम्मान और विकास का लाभ पहुंचाना भी है।
कार्यक्रम के दौरान कजलोट से मैक्लोडगंज तक महर्षि वाल्मीकि की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। विधायक केवल सिंह पठानिया ने शोभायात्रा की अगुवाई की। उन्होंने आयोजन समिति को 11 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की और कजलोट गांव के अलग-अलग स्थानों पर पांच सोलर लाइटें स्थापित करने की घोषणा की।
समाज के उत्थान के लिए महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाना जरूरी: दिग्विजय मल्होत्रा
राज्य अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य दिग्विजय मल्होत्रा ने महर्षि वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन और उनकी शिक्षाएं सामाजिक समरसता, समानता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और वंचित एवं जरूरतमंद लोगों के अधिकारों तथा सम्मान की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को अपनाकर समतामूलक और समरस समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शाहपुर सुदेश पटाकू, डब्ल्यूसी चेयरमैन विक्रम, होटल एवं रेस्टोरेंट संघ के अध्यक्ष राहुल धीमान, ओल्ड स्टूडेंट संघ के अध्यक्ष संजीव गांधी, वाल्मीकि कमेटी के अध्यक्ष संजय सहित प्रतिनिधि अनिल, सरोज, राजेश और अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


