रामपुर उपमंडल की लालसा पंचायत के ध्वालसा गांव में शनिवार सुबह करीब 7:45 बजे एक रिहायशी मकान में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से देव राज भारद्वाज के दो मंजिला मकान का एक कमरा पूरी तरह जलकर राख हो गया। हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी तरह का जानी नुकसान नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह मकान में अचानक आग भड़क उठी। आग लगने का पता चलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाने की कोशिश की। इसी बीच घटना की सूचना अग्निशमन विभाग को भी दी गई।
सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गई। ग्रामीणों और अग्निशमन कर्मियों के प्रयासों से आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझाने के प्रयास नहीं किए जाते तो मकान के अन्य हिस्सों को भी नुकसान पहुंच सकता था।
आग की घटना में मकान को भारी क्षति पहुंची है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आकलन अभी किया जाना बाकी है। लालसा पंचायत की प्रधान संगीता शर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग लगने की सूचना प्रशासन और अग्निशमन विभाग को दे दी गई थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने आग बुझाने के लिए काफी प्रयास किए। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


