
हमीरपुर, 23 अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति ने शुक्रवार को हमीर भवन में जिला अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों, बोर्ड-निगमों, संस्थानों और शहरी निकायों की आय-व्यय, ऑडिट पैरा और अन्य महत्वपूर्ण वित्तीय मामलों की समीक्षा की। समिति ने अधिकारियों को लंबित मामलों के जल्द निपटारे और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कई दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में समिति के सभापति विधायक संजय रत्न, सदस्य विधायक कुलदीप सिंह राठौर, इंद्र दत्त लखनपाल, मलेंद्र राजन और विवेक शर्मा मौजूद रहे। विधायक सुरेश कुमार ने भी बैठक में हिस्सा लेकर अधिकारियों से विभिन्न मामलों की विस्तृत रिपोर्ट तलब की।
समिति के सभापति संजय रत्न ने संबंधित अधिकारियों को सभी ऑडिट पैरा के समायोजन के लिए तेजी से कार्रवाई करने और 31 दिसंबर तक इनसे संबंधित विस्तृत रिपोर्ट समिति को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के जरिए आगामी 31 मार्च तक सभी ऑडिट पैरा का समायोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वर्ष 2000 से पहले के सभी छोटे-छोटे ऑडिट पैरा को समाप्त करने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा।
संजय रत्न ने कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना चाहिए। इसके लिए अधिकारियों को तत्परता, समर्पण, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति के विभिन्न जिलों के प्रवास का उद्देश्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी और समीक्षा करना है। साथ ही सरकारी तंत्र में जवाबदेही, पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन सुनिश्चित करना भी समिति की प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को समिति की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में किसी भी तरह की कोताही नहीं होनी चाहिए।
सभापति और समिति के अन्य सदस्यों ने शिक्षण संस्थानों में स्टूडेंट फंड की राशि केवल विद्यार्थियों से संबंधित गतिविधियों पर खर्च करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शहरी निकायों में गृह कर, कचरा एकत्रीकरण शुल्क और दुकानों आदि के किराये की वसूली के लिए प्रभावी प्रक्रिया अपनाने को कहा गया।
बैठक में एपीएमसी की आय-व्यय, लघु बचत एवं ई-गवर्नेंस की राशि के व्यय सहित अन्य वित्तीय मामलों की भी समीक्षा की गई। समिति ने अधिकारियों से इन सभी मुद्दों से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट मांगी। विधानसभा के उप सचिव ने विभिन्न विभागों एवं संस्थानों से प्राप्त रिपोर्ट समिति के समक्ष रखी।
इस अवसर पर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने समिति के सभापति और सभी सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने समिति की ओर से दिए गए सभी दिशा-निर्देशों की जिला में अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। एडीसी अभिषेक गर्ग ने सभी का आभार व्यक्त किया।
बैठक में राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, एसपी बलवीर सिंह, नगर निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, सभी विभागों के कार्यालय अध्यक्ष, एसडीएम, बीडीओ और अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


