धर्मशाला, 12 अक्टूबर। मैक्लोडगंज में रहने वाले लोगों और यहां आने वाले पर्यटकों के लिए जरूरी खबर है। 14 अक्टूबर 2026 को मैक्लोडगंज और आसपास के कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। विद्युत उपमंडल एचपीएसईबीएल, मैक्लोडगंज के सहायक अभियंता रमन भारमोरिया ने यह जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि 11 केवी कलापुल-मैक्लोडगंज फीडर के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित रखरखाव और मरम्मत कार्य किया जाएगा। इसके चलते 14 अक्टूबर को सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक या काम पूरा होने तक बिजली बंद रहेगी।
मैक्लोडगंज के इन इलाकों में प्रभावित रहेगी बिजली
बिजली बंद रहने से मैक्लोडगंज मुख्य चौक, मैक्लोडगंज बाजार क्षेत्र, दलाई लामा मंदिर, मंदिर रोड, जोगीवाड़ा रोड, जोगीवाड़ा गांव, प्रेम गली, मीठानाला, हीरू गांव, दुसालां, टिप्पा रोड, टिप्पा, हयात होटल, पर्वतारोहण संस्थान, तुशिता ध्यान केंद्र और फोरसेथगंज सहित संबंधित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी।
क्यों लिया जा रहा है बिजली शटडाउन?
सहायक अभियंता रमन भारमोरिया के अनुसार, एचटी/एलटी वितरण नेटवर्क के रखरखाव और अन्य जरूरी मरम्मत कार्यों को पूरा करने के लिए यह शटडाउन लिया जा रहा है। ऐसे में प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सलाह है कि वे बिजली बंद रहने की निर्धारित अवधि को ध्यान में रखकर अपने जरूरी काम पहले से निपटा लें।


For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


