हिमाचल प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पैशल टास्क फोर्स को बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ कुल्लू की टीम ने मणिकर्ण मार्ग पर चीलमोड़ के पास नाकाबंदी के दौरान गुजरात के दो युवकों को 764 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ की टीम मणिकर्ण मार्ग पर चीलमोड़ के समीप रूटीन नाकाबंदी पर मौजूद थी। इसी दौरान मणिकर्ण की तरफ से दो युवक पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को सामने देखकर दोनों युवक अचानक घबरा गए और पीछे मुड़कर भागने का प्रयास करने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए एसटीएफ टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
इसके बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर दोनों युवकों के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से 764 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस को कब्जे में लेकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि सिंह जडेजा (32) पुत्र वनराज सिंह निवासी रतनसिंह नो दरबार, मानसा, जिला गांधीनगर, गुजरात और योगी जगदीश भाई (22) पुत्र जगदीशभाई निवासी मारुतिनगर, महावीरनगर, साबरकांठा, हिम्मतनगर, गुजरात के रूप में हुई है।
एसटीएफ मध्य खंड मंडी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव चौधरी ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि चरस के साथ पकड़े गए दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना मणिकर्ण में मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस इस मामले के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की गहनता से जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में चरस कुल्लू में किससे खरीदकर लाए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


