कांगड़ा के बैजनाथ क्षेत्र में गुरुवार शाम बिनवा नदी में अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। नदी में शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और महिला की पहचान के साथ-साथ मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुहली कोठी के कुछ युवक गुरुवार शाम बिनवा नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान उन्होंने नदी में एक शव बहता हुआ देखा। युवकों ने इसकी सूचना पूर्व वार्ड पार्षद राजेश वलेडी को दी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बैजनाथ पुलिस, एसएचओ यादेश ठाकुर और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय युवाओं की मदद से महिला के शव को नदी से बाहर निकाला गया और पुलिस ने उसे कब्जे में ले लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बैजनाथ अस्पताल भेज दिया गया।
फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास कर रही है। साथ ही महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसे लेकर भी जांच की जा रही है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


