बिलासपुर। चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब को हिमाचल प्रदेश में खपाने की कोशिश को राज्य कर एवं आबकारी विभाग ने नाकाम कर दिया है। विभाग की टीम ने गरामोड़ा बैरियर पर आधी रात को नाकाबंदी के दौरान एक वाहन से 180 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की पेटियों पर स्पष्ट रूप से ‘केवल चंडीगढ़ में बिक्री के लिए’ लिखा हुआ था। वाहन में सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम बीती रात करीब 12:05 बजे गरामोड़ा बैरियर पर वाहनों की नियमित जांच कर रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या एचपी 82ए-4645 को चेकिंग के लिए रोका गया। टीम ने जब वाहन की गहनता से तलाशी ली तो उसके अंदर अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। जांच के दौरान शराब की कुल 180 पेटियां मिलीं।
वाहन में सवार दोनों लोगों से शराब की खेप के संबंध में पूछताछ की गई। दोनों कोई वैध परमिट या आवश्यक दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसके बाद आबकारी विभाग ने शराब और वाहन को कब्जे में ले लिया और दोनों व्यक्तियों को आगामी कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। राज्य कर एवं आबकारी विभाग के उपायुक्त हरीश छाहटे ने बताया कि कार्रवाई विभागीय टीम ने की। टीम में सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी पंकज राणा, आरक्षी रोहित कुमार, आरक्षी राकेश कुमार और चालक सौरव शामिल थे।
तीन दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई
उपायुक्त हरीश छाहटे ने बताया कि बाहरी राज्यों से होने वाली अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए सीमावर्ती बैरियरों पर निगरानी बढ़ाई गई है। अंतरराज्यीय तस्करी पर रोक लगाने के लिए विभाग लगातार जांच अभियान चला रहा है। बीते तीन दिनों के भीतर अवैध शराब के खिलाफ विभाग की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
इससे पहले गत मंगलवार को भी विभागीय टीम ने गरामोड़ा बैरियर पर पंजाब मार्का बीयर की 150 पेटियां बरामद की थीं। अब 180 पेटी चंडीगढ़ में बिक्री के लिए निर्धारित शराब पकड़े जाने के बाद विभाग ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


