कुल्लू, 16 सितंबर: अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव-2026 के लिए ढालपुर मैदान में दुकानें, प्रदर्शनियां और अन्य वाणिज्यिक गतिविधियां लगाने के इच्छुक व्यापारियों के लिए प्लॉटों की नीलामी का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। कार्यवाहक उपायुक्त एवं दशहरा उत्सव समिति के उपाध्यक्ष सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि कुल्लू दशहरा उत्सव का आयोजन 21 से 27 अक्टूबर तक किया जाएगा। उत्सव के दौरान विभिन्न बाजारों और प्रदर्शनी स्थलों के प्लॉटों का आवंटन और नीलामी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे से होगी।
5 अक्टूबर को कृषि एवं बागवानी उपकरण, टी-स्टॉल, रेडीमेड गारमेंट और मनियारी के प्लॉटों का आवंटन या नीलामी होगी। 6 अक्टूबर को लोकल झूले, टेंट मार्केट, बर्तन बाजार, डोम सहित बैग की दुकानें, होटल-ढाबा और बास्केटबॉल ग्राउंड के प्लॉटों की प्रक्रिया होगी। 7 अक्टूबर को हलवाई मार्केट, लोकल आर्टिकल, ओपन स्पेस तथा नए और पुराने जूतों की मार्केट के प्लॉटों का आवंटन या नीलामी की जाएगी।
8 अक्टूबर को प्रदर्शनी मैदान में खाने-पीने के स्टॉल के प्लॉटों की नीलामी होगी। 9 अक्टूबर को सरकारी और गैर-सरकारी स्टॉल तथा ओपन स्पेस के प्लॉट आवंटित किए जाएंगे। 10 और 12 अक्टूबर को मीना बाजार-I, II और III के प्लॉटों की प्रक्रिया होगी। 13 और 14 अक्टूबर को समस्त मार्केट के प्लॉट आवंटित किए जाएंगे, जबकि 15 अक्टूबर को हॉजरी के प्लॉटों का आवंटन होगा। 16 अक्टूबर को फिर से समस्त मार्केट के प्लॉटों की नीलामी या आवंटन किया जाएगा।
17 और 18 अक्टूबर को पुराने कपड़ों की मार्केट यानी फ्ली मार्केट के प्लॉटों की प्रक्रिया होगी। 19 और 20 अक्टूबर को राजा कैम्प एरिया और नई रेडीमेड गारमेंट के प्लॉटों का आवंटन या नीलामी की जाएगी। 21 अक्टूबर को बर्तन मार्केट के पीछे पार्किंग, प्रदर्शनी मैदान की पार्किंग और ओपन स्पेस यानी पुराने जूते की मार्केट के लिए प्लॉटों का आवंटन या नीलामी होगी।
इच्छुक आवेदक और व्यापारी प्लॉट खरीदने के लिए प्लॉट आवंटन कार्यालय, मल्टीपर्पज भवन की सबसे ऊपरी मंजिल, उपायुक्त कार्यालय के समीप, ढालपुर, कुल्लू में संपर्क कर सकते हैं। प्लॉटों के आवंटन और नीलामी से जुड़ी अधिक जानकारी जिला कुल्लू की वेबसाइट पर भी प्राप्त की जा सकती है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


