शिमला: हिमाचल प्रदेश में कॉल फ्रॉड के जरिए साइबर ठगी के मामले बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए साइबर सेल शिमला की ओर से लोगों को कॉल फ्रॉड को लेकर एडवाइजरी जारी की गई है। साइबर सेल ने लोगों को अनजान फोन कॉल से सतर्क रहने और किसी भी तरह की निजी या बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी है।
साइबर सेल के अनुसार आज के डिजिटल दौर में साइबर अपराध लगातार बढ़ रहा है और कॉल फ्रॉड इसका एक प्रमुख रूप बन गया है। समय के साथ इस तरह की धोखाधड़ी के तरीके भी अधिक चालाक हो गए हैं। जालसाज अलग-अलग तरीकों से फोन कॉल के जरिए न केवल आम लोगों, बल्कि संगठनों और सरकारी एजेंसियों को भी निशाना बनाते हैं।
एडवाइजरी में बताया गया है कि कॉल फ्रॉड को वॉयस फिशिंग या विशिंग भी कहा जाता है। इसमें जालसाज भरोसेमंद संस्थाओं, जैसे बैंक, सरकारी एजेंसी या बड़ी कंपनी का नाम लेकर लोगों को फोन करते हैं। इसके बाद उनसे निजी जानकारी, बैंक डिटेल्स, पासवर्ड या पैसे मांगे जाते हैं।
साइबर सेल ने बताया कि युवा भी इस तरह की ठगी का शिकार हो सकते हैं। पैसे कमाने की जल्दी या लालच में वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन साइटों पर मिलने वाली लॉटरी या आकर्षक ऑफर के झांसे में आ सकते हैं। वहीं, वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी कॉल फ्रॉड बड़ा खतरा बन गया है। तकनीकी जानकारी कम होने के कारण जालसाज उन्हें सरकारी कर्मचारी, बैंक कर्मचारी या रिश्तेदार बनकर फोन करते हैं और भावनात्मक तरीके से पैसे भेजने के लिए मजबूर करने की कोशिश करते हैं।
एडवाइजरी के अनुसार जालसाजी स्कैम में ठग खुद को सरकारी अधिकारी, बैंक कर्मचारी या किसी कंपनी का सदस्य बताकर फोन करते हैं और लोगों से निजी जानकारी या पैसे मांगते हैं। इसी तरह लॉटरी और इनाम स्कैम में जालसाज लोगों को बताते हैं कि उन्होंने कोई लॉटरी या पुरस्कार जीता है। इसके बाद इनाम हासिल करने के नाम पर उनसे पैसे भेजने को कहा जाता है।
ऐसे करें कॉल फ्रॉड से बचाव
कॉल फ्रॉड से बचने के लिए अनजान नंबरों से आने वाली कॉल को लेकर सतर्क रहें। यदि किसी अनजान नंबर से फोन आता है और कॉल करने वाला व्यक्तिगत जानकारी या पैसे की मांग करता है, तो कॉल काट दें और किसी भी तरह की जानकारी साझा न करें।
इसके अलावा कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान जरूर सत्यापित करें। यदि कोई खुद को बैंक, सरकारी एजेंसी या किसी कंपनी का प्रतिनिधि बताकर फोन करता है, तो उसकी बात पर तुरंत भरोसा न करें। कॉल काटकर संबंधित बैंक, सरकारी एजेंसी या कंपनी के आधिकारिक नंबर पर संपर्क कर जानकारी की पुष्टि करें।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


