मंडी से कुल्लू-मनाली जाने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पंडोह-टकोली फोरलेन पर डयोड और हणोगी में तैयार की गई दो सुरंगें शुक्रवार से यातायात के लिए खोल दी जाएंगी। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से इसकी जानकारी दी है। सुरंगों के शुरू होने से इस मार्ग पर सफर पहले के मुकाबले आसान होने की उम्मीद है।
डयोड में तैयार की गई 2.8 किलोमीटर लंबी सुरंग और हणोगी की 650 मीटर लंबी सुरंग के खुलने से खासकर पर्यटन सीजन में वाहन चालकों और पर्यटकों को बड़ी राहत मिल सकती है। जोगनी माता मंदिर, डयोड और हणोगी के आसपास सड़क की स्थिति और वाहनों की भारी आवाजाही के कारण अक्सर लंबा जाम लग जाता है। कई बार लोगों को एक से दो घंटे या उससे भी अधिक समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है।
इन दोनों सुरंगों के यातायात के लिए खुलने के बाद करीब छह किलोमीटर का प्रभावित सड़क हिस्सा घटकर लगभग 3.5 किलोमीटर रह जाएगा। इससे इस मार्ग पर यातायात सुगम होने की उम्मीद है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि केंद्र सरकार हिमाचल प्रदेश में सड़क संपर्क को सुरक्षित, तेज और बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।
दो घंटे का सफर करीब एक घंटे में
पंडोह बाईपास के अंत से टकोली तक 18.908 किलोमीटर लंबे फोरलेन प्रोजेक्ट पर 4,465.94 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। यह परियोजना हाइब्रिड एन्युटी मोड में बनाई जा रही है। फोरलेन और सुरंगों के पूरी तरह उपयोग में आने के बाद सामान्य यातायात की स्थिति में मंडी से कुल्लू पहुंचने में लगने वाला समय करीब दो घंटे से घटकर एक घंटे रह सकता है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ कुल्लू-मनाली जाने वाले पर्यटकों को भी बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


