मंडी, 10 सितंबर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की एनडीए एंड एनए (II) और सीडीएस (II), 2026 परीक्षा 13 सितंबर 2026, रविवार को जिला मुख्यालय मंडी के सात परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने बताया कि परीक्षा को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस परीक्षा में कुल 1810 परीक्षार्थी भाग लेने जा रहे हैं।
सीडीएस (II) 2026 की परीक्षा दो केंद्रों पर आयोजित होगी। इनमें वल्लभ डिग्री कॉलेज, मंडी उप केंद्र-001 और वल्लभ डिग्री कॉलेज, मंडी उप केंद्र-002 शामिल हैं। वहीं एनडीए एंड एनए (II) 2026 की परीक्षा पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला समखेतर, मंडी उप केंद्र-003, राजकीय आईटीआई मंडी उप केंद्र-004, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला स्कूल बाजार, मंडी उप केंद्र-005, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भंगरोटू, मंडी उप केंद्र-006 और पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कनैड, मंडी उप केंद्र-007 में आयोजित की जाएगी।
सीडीएस (II) परीक्षा तीन सत्रों में होगी। पहला सत्र सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक, दूसरा सत्र दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक और तीसरा सत्र शाम 4:00 बजे से 6:00 बजे तक रहेगा। वहीं एनडीए एंड एनए (II) परीक्षा दो सत्रों में आयोजित होगी। पहला सत्र सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2:00 बजे से 4:30 बजे तक होगा।
अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती ने सभी परीक्षार्थियों से निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परीक्षार्थी अपने साथ ई-एडमिट कार्ड जरूर लेकर आए। बिना ई-एडमिट कार्ड के किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में सभी परीक्षार्थियों को समय का विशेष ध्यान रखने और पर्याप्त समय लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है।
परीक्षार्थियों को अपने साथ पेन, एक वैध फोटो पहचान पत्र जैसे वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस, एक पारदर्शी पानी की बोतल और साधारण एनालॉग कलाई घड़ी लाने की अनुमति होगी। स्मार्ट वॉच या किसी अन्य प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक घड़ी परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


