शिमला में जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन आज बचत भवन में निर्धारित प्रक्रिया के तहत शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। निर्वाचन प्रक्रिया उपायुक्त शिमला एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में करवाई गई। मतदान के बाद भाजपा के दोनों प्रत्याशियों ने जीत दर्ज करते हुए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद अपने नाम कर लिए।
अध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से भूपेंद्र और कांग्रेस की ओर से सुरेंद्र रेटका चुनाव मैदान में थे। मतदान में भूपेंद्र को 13 मत मिले, जबकि सुरेंद्र रेटका को 10 मत प्राप्त हुए। इस दौरान दो मत अवैध घोषित किए गए। मतगणना के बाद भूपेंद्र को जिला परिषद शिमला का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से भरत सिंह कलांटा और कांग्रेस की ओर से मीनाक्षी प्रत्याशी थीं। इस पद के लिए हुए मतदान में भरत सिंह कलांटा को 14 मत मिले, जबकि मीनाक्षी को 10 मत प्राप्त हुए। एक मत अवैध घोषित किया गया। इसके साथ ही भरत सिंह कलांटा को जिला परिषद शिमला का उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उपायुक्त एवं पीठासीन अधिकारी अनुपम कश्यप ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष भूपेंद्र और उपाध्यक्ष भरत सिंह कलांटा को निर्धारित शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपायुक्त ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे जिला परिषद की जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करेंगे।
अनुपम कश्यप ने कहा कि जिला परिषद ग्रामीण विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के नेतृत्व में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी। निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न हुई। इस दौरान संबंधित अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


