Home हिमाचल काँगडा Kangra: आंगनवाड़ी के 4 पदों पर फिर निकली भर्ती, 24 सितंबर तक...

Kangra: आंगनवाड़ी के 4 पदों पर फिर निकली भर्ती, 24 सितंबर तक आवेदन का मौका; जानें किस क्षेत्र की महिलाओं के लिए है अवसर

0
5

देहरा, 10 सितंबर 2026। बाल विकास परियोजना देहरा के अंतर्गत उपमंडल ज्वालामुखी में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के एक और सहायिका के तीन रिक्त पदों को भरने के लिए पात्र महिला उम्मीदवारों से पुनः आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों के लिए इच्छुक महिलाएं निर्धारित दस्तावेजों के साथ 24 सितंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकती हैं।

बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा ने बताया कि इससे पहले कार्यालय की ओर से 4 अगस्त 2026 को विज्ञापन जारी कर 24 अगस्त 2026 तक आवेदन मांगे गए थे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार प्राप्त आवेदनों की जांच के दौरान कुछ औपचारिकताएं अधूरी पाई गईं। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी की अनुमति से पात्र महिला उम्मीदवारों को कुछ केंद्रों के लिए एक और अवसर देने का निर्णय लिया गया है।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ता का एक पद कमलोटा पंचायत के लाहसन केंद्र में रिक्त है। वहीं, आंगनवाड़ी सहायिका के तीन पद कोपड़ा पंचायत के ठेहड़ा, गाहलियां के भगौर-1 और डोला खरियाणा के डोला केंद्र में रिक्त हैं।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आवेदन के लिए केवल उसी आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे या फीडर क्षेत्र की निवासी महिला पात्र होगी, जिसके संबंध में प्रमाण पत्र संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा जारी और वृत पर्यवेक्षक द्वारा प्रतिहस्ताक्षरित किया गया हो। आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास निर्धारित की गई है, जबकि परिवार की वार्षिक आय 50 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।

चयन प्रक्रिया के तहत पात्र अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लिया जाएगा। चयन के लिए कुल 25 अंक निर्धारित किए गए हैं। इनमें शैक्षणिक योग्यता के 10 अंक, अनुभव के 3 अंक, दिव्यांगता के 2 अंक, आरक्षण के 2 अंक, विशेष परिस्थितियों के 3 अंक, सीमित परिवार के 2 अंक और व्यक्तिगत साक्षात्कार के 3 अंक शामिल हैं। चयन समिति में उपमंडल अधिकारी अध्यक्ष होंगे, जबकि बाल विकास परियोजना अधिकारी देहरा सदस्य सचिव और तहसील कल्याण अधिकारी या सांख्यिकी सहायक सदस्य होंगे।

इच्छुक महिलाएं अपना आवेदन सादे कागज पर बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय देहरा में जमा कर सकती हैं। आवेदन के साथ शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, परिवार रजिस्टर, जाति प्रमाण पत्र, दिव्यांगता या विशेष परिस्थिति से संबंधित प्रमाण पत्र तथा संबंधित आंगनवाड़ी केंद्र के सर्वे क्षेत्र का प्रमाण पत्र सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां जमा करवानी होंगी। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।

बाल विकास परियोजना अधिकारी ने बताया कि जिन महिलाओं ने 24 अगस्त 2026 तक पहले ही आवेदन जमा कर दिया है और उनके पास सक्षम अधिकारी द्वारा जारी 50 हजार रुपये तक का आय प्रमाण पत्र उपलब्ध है, उन्हें दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।

अधिक जानकारी के लिए इच्छुक महिलाएं किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय समय के दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय देहरा में संपर्क कर सकती हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!

Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!