इंडिगो एयरलाइंस ने जम्मू-कांगड़ा और कांगड़ा-दिल्ली हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया है, अभी आधिकारिक पुष्टि बाकी
कांगड़ा एयरपोर्ट से हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए जल्द ही एक बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। इंडिगो एयरलाइंस ने कांगड़ा एयरपोर्ट को जम्मू से हवाई सेवा के जरिए जोड़ने का प्रस्ताव दिया है। प्रस्ताव के अनुसार जम्मू से कांगड़ा (धर्मशाला) और कांगड़ा से दिल्ली के बीच हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की संभावना है। अगर यह सेवा शुरू होती है तो कांगड़ा एयरपोर्ट से यात्रियों की आवाजाही में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
जनवरी से शुरू हो सकती है नई हवाई सेवा
कांगड़ा एयरपोर्ट के कार्यवाहक निदेशक अमित सकलानी ने बताया कि इंडिगो एयरलाइंस की ओर से नई हवाई सेवा शुरू करने का प्रस्ताव दिया गया है। एयरलाइंस ने इस संबंध में एयरपोर्ट प्रबंधन को जानकारी दी है। प्रस्ताव के मुताबिक यह सेवा जनवरी से शुरू होने की संभावना है। हालांकि, अभी तक उड़ान शुरू होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पार्किंग व्यवस्था बेहतर होने के बाद बढ़ेंगी कनेक्टिविटी की संभावनाएं
अमित सकलानी के अनुसार वर्तमान में कांगड़ा एयरपोर्ट पर पार्किंग से जुड़ी कुछ सीमाएं हैं। इनसे संबंधित कार्य को अगले चार से पांच महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पार्किंग व्यवस्था बेहतर होने के बाद एयरपोर्ट पर नई हवाई कनेक्टिविटी शुरू होने की संभावनाएं और मजबूत होंगी।
7 माह में करीब 1 लाख यात्रियों ने किया हवाई सफर
कांगड़ा एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जनवरी से जुलाई तक सात महीनों में करीब एक लाख यात्रियों ने कांगड़ा एयरपोर्ट से हवाई सफर किया है। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार अगर आने वाले महीनों में भी यात्रियों की आवाजाही इसी अनुपात में जारी रहती है तो दिसंबर तक यह आंकड़ा करीब दो लाख तक पहुंच सकता है।
जम्मू से सीधी उड़ान शुरू होने पर हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के बीच पर्यटन, व्यापार और अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर कांगड़ा, धर्मशाला और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में आने वाले यात्रियों के लिए जम्मू की सीधी हवाई कनेक्टिविटी काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


