हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के नादौन उपमंडल के बदारन गांव से दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां जेठानी की मौत का सदमा उसकी देवरानी सहन नहीं कर पाई। जेठानी के निधन के करीब एक घंटे बाद ही देवरानी की भी अचानक तबीयत बिगड़ी और अस्पताल में उसकी मौत हो गई। रविवार शाम जब एक ही आंगन से दोनों महिलाओं की अर्थियां एक साथ उठीं, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं।
अचानक बिगड़ी शकुंतला देवी की तबीयत, अस्पताल में मौत
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बदारन गांव निवासी शकुंतला देवी, पत्नी स्वर्गीय ईश्वर दास, की घर पर अचानक तबीयत खराब हो गई। उनके पुत्र एवं पेशे से अध्यापक विजय कुमार और अन्य परिजन उन्हें तुरंत नादौन अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, अस्पताल में उपचार के दौरान शकुंतला देवी का निधन हो गया।
जेठानी की मौत की खबर सुनते ही देवरानी की बिगड़ी तबीयत
शकुंतला देवी के निधन की सूचना जब उनके घर पहुंची तो उनकी देवरानी कमलेश कुमारी, पत्नी स्वर्गीय अमर सिंह, यह सदमा सहन नहीं कर पाईं। परिजनों के अनुसार, जेठानी की मौत की खबर सुनते ही वह फूट-फूटकर रोने लगीं। घर पर शकुंतला देवी के अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान करीब 11:30 बजे कमलेश कुमारी की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उन्हें आनन-फानन में नादौन अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह महज एक घंटे के अंतराल में परिवार की दो महिलाओं की मौत से हर कोई स्तब्ध रह गया।
सगी बहनों जैसा था दोनों का रिश्ता, एक साथ जलीं चिताएं
संयुक्त परिवार में एक घंटे के अंतराल में दो महिलाओं की मौत से पूरे बदारन गांव में मातम पसर गया। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, शकुंतला देवी और कमलेश कुमारी के बीच सगी बहनों जैसा गहरा प्रेम था। दोनों का रिश्ता इतना मजबूत था कि जेठानी के जाने का दुख देवरानी सहन नहीं कर पाईं।
रविवार शाम जब दोनों महिलाओं की अर्थियां एक ही आंगन से एक साथ श्मशानघाट पहुंचीं और उनकी चिताएं भी एक साथ सजाई गईं, तो वहां मौजूद सैकड़ों लोगों की आंखें भर आईं। इस भावुक और दुखद माहौल में पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री भी बदारन पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिजनों को ढांढस बंधाया।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


