धर्मशाला। 13 करोड़ रुपये की जमीन की खरीद-फरोख्त के मामले में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा के करीबी बताए जा रहे नेक राम को गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 5 सितंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। विजिलेंस धर्मशाला की टीम को कार्रवाई के दौरान रक्कड़ निवासी नेक राम के अलावा उसकी पत्नी और माता के नाम धर्मशाला और पालमपुर में संपत्तियां भी मिली हैं।
विजिलेंस अब आरोपी की संपत्तियों और धन के स्रोत की जांच में जुटी है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि इन संपत्तियों से जुड़े लेन-देन में वास्तविक लाभार्थी कौन हैं। मामले में राजस्व अधिकारियों के साथ कथित गठजोड़ की भी जांच की जा रही है।
जाली दस्तावेजों और मुख्तारनामा से जमीन हस्तांतरण का आरोप
आरोप है कि नेक राम ने जाली दस्तावेजों, हस्ताक्षर और मुख्तारनामा के जरिए सरकारी/वन भूमि का हस्तांतरण करवाया। जांच के दौरान इस जमीन से जुड़ा मूल राजस्व रिकॉर्ड भी गायब पाया गया है। विजिलेंस अब यह पता लगाने में जुटी है कि राजस्व रिकॉर्ड में कथित तौर पर किस स्तर पर बदलाव किए गए और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
जांच एजेंसी के अनुसार आने वाले दिनों में जमीन के सौदों, वित्तीय लेन-देन, राजस्व रिकॉर्ड और संभावित अन्य आरोपियों से जुड़े कई तथ्य सामने आ सकते हैं। नेक राम से अब तक जुटाए गए दस्तावेजों के आधार पर धर्मशाला और पालमपुर क्षेत्र में संपत्तियों की खरीद-फरोख्त में इस्तेमाल धन के वास्तविक स्रोत और वित्तीय लेन-देन को लेकर पूछताछ की जा रही है।
जमीन से जुड़े बड़े लेन-देन की खुल रही परतें
जांच में जमीन से जुड़े बड़े लेन-देन और संभावित प्रभावशाली गठजोड़ की परतें खुल रही हैं। विजिलेंस यह भी पता लगा रही है कि कथित भूमि सौदों से वास्तविक लाभ किसे मिला। संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और वास्तविक लाभार्थियों की पहचान फिलहाल जांच के दायरे में है।
300 रजिस्ट्रियों की प्रमाणित प्रतियां कब्जे में
विजिलेंस धर्मशाला, पालमपुर और आसपास के क्षेत्रों में वर्ष 2007 से अब तक जमीनों के संदिग्ध लेन-देन की जांच कर रही है। जांच के तहत नेक राम के नाम दर्ज जमीन की खरीद-फरोख्त से जुड़ी करीब 300 रजिस्ट्रियों की प्रमाणित प्रतियां कब्जे में ली गई हैं। अब इन दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कथित भूमि सौदों और उनसे जुड़े लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।



For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


