बोह। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर बोह घाटी स्थित प्रसिद्ध खबरू महादेव मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान शिव के दरबार में शीश नवाया। दूर-दराज क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। श्रद्धालुओं की आवाजाही के चलते दिनभर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।
जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर गुरुवार रात मंदिर परिसर में शिव नुआला का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना की। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया। शुक्रवार को जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर में हवन-यज्ञ करवाया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूर्णाहुति डालकर विश्व कल्याण और क्षेत्र की सुख-शांति की कामना की। इसके साथ ही कांगड़ी धाम का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
भूस्खलन के बाद श्रद्धालुओं में दिखी आशंका
हालांकि, इस बार पिछले वर्षों की तुलना में खबरू महादेव मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या कुछ कम रही। 23 जुलाई को घड़गू गांव में हुए भूस्खलन के बाद क्षेत्र के लोगों में अभी भी भय और आशंका का माहौल बना हुआ है। इसी वजह से कई श्रद्धालु मंदिर तक पहुंचने से कतराते रहे।
इसके बावजूद दिनभर दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का मंदिर पहुंचना जारी रहा। लोगों ने भगवान खबरू महादेव के दरबार में माथा टेककर सुख-शांति की कामना की और धार्मिक आयोजनों में भाग लिया।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


