रैत: श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विकास खंड रैत के मंदिरों में कृष्ण भक्तों की खूब भीड़ उमड़ी। सुबह से ही गांवों में श्रद्धालु पूजा-अर्चना में जुटे रहे। प्राचीन मंदिरों में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
लक्ष्मी नारायण मंदिर में भक्तों की भारी भीड़
रैत के प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर में सुबह से ही कृष्ण भक्तों की बड़ी संख्या में आवाजाही रही। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष अनुज बलौरिया ने बताया कि सुबह से दोपहर तक मंदिर प्रांगण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने फलाहार ग्रहण किया।
उन्होंने बताया कि श्री कृष्ण भगवान के जन्म दिवस के अवसर पर रात को केक काटा जाएगा। इसके बाद अगले दिन दोपहर को श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का प्रसाद वितरित किया जाएगा।
कुठंमा में लगाया गया फलाहार का लंगर
कुठंमा में शनि देव मंदिर सुधार कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए फलाहार का लंगर लगाया गया। वहीं गांव कुठंमा की बालिकाओं ने प्राचीन टियाली माता मंदिर में राधा रानी की पोशाक डालकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद बालिकाओं ने घर-घर जाकर भी धार्मिक आयोजन में भाग लिया।
इन मंदिरों में भी रही जन्माष्टमी की धूम
श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शिव मंदिर राजोल, लदवाड़ा, नागणपट, घरो, चड़ी, रेहलू, भटेच्छ, नेरटी, ततवानी, हरनेरा और शाहपुर सहित क्षेत्र के अन्य मंदिरों में भी धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। सुबह से ही श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते नजर आए और भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव को श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


