धर्मशाला, 3 सितंबर: लगातार हो रही बारिश के बीच नड्डी क्षेत्र में भारी भूस्खलन से धर्मशाला टाउन वाटर सप्लाई स्कीम को पानी पहुंचाने वाली मुख्य ग्रेविटी पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचा है। पाइपलाइन टूटने के कारण धर्मशाला शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। जल शक्ति विभाग ने क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत और पानी की सप्लाई बहाल करने का काम प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिया है।
जल शक्ति विभाग, धर्मशाला के अधिशासी अभियंता सुमित कटोच ने बताया कि नड्डी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से धर्मशाला शहर को प्रतिदिन करीब 4.40 एमएलडी पेयजल की आपूर्ति की जाती है। लगातार बारिश के कारण नड्डी क्षेत्र में भूस्खलन हुआ, जिससे पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में व्यवधान पैदा हुआ है।
उन्होंने बताया कि विभाग की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है। क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत और आपूर्ति बहाली का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। हालांकि, लगातार बारिश और जमीन के अस्थिर होने के कारण बहाली के काम में कुछ समय लग सकता है। विभागीय टीम परिस्थितियों पर लगातार नजर रख रही है और सुरक्षित तरीके से काम जल्द पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।
धर्मशाला शहर में पानी की सप्लाई को बनाए रखने के लिए धार प्लांट के साथ-साथ दाड़ी बाईपास से भी पेयजल उपलब्ध करवाया जा रहा है। विभाग उपलब्ध वैकल्पिक स्रोतों के जरिए प्रभावित क्षेत्रों में पानी पहुंचाने के प्रयास कर रहा है, ताकि लोगों को कम से कम परेशानी का सामना करना पड़े।
जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता ने शहरवासियों से अपील की है कि पेयजल आपूर्ति सामान्य होने तक उपलब्ध पानी का सावधानीपूर्वक और जरूरत के अनुसार इस्तेमाल करें। उन्होंने लोगों से अनावश्यक पानी की खपत से बचने को कहा है।
उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। स्थिति सामान्य होते ही नियमित पेयजल आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। लगातार बारिश और भूस्खलन की परिस्थितियों को देखते हुए लोगों से पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करने और विभाग के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की गई है।
विभाग ने आश्वस्त किया है कि बहाली कार्य में किसी तरह की अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारी और कर्मचारी लगातार मौके पर काम कर रहे हैं। परिस्थितियां अनुकूल होते ही क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों की मरम्मत पूरी कर नियमित जलापूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


