चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार पाने का अच्छा मौका सामने आया है। जिला रोजगार कार्यालय चंबा की ओर से जिले के अलग-अलग रोजगार कार्यालयों में एक निजी कंपनी के लिए कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जा रहे हैं। इस भर्ती अभियान के तहत कंपनी में सुरक्षा गार्ड के 100 पदों पर भर्ती की जाएगी।
इन स्थानों पर होंगे कैंपस इंटरव्यू
कैंपस इंटरव्यू 7 सितंबर को उपरोजगार कार्यालय भरमौर, 8 सितंबर को जिला रोजगार कार्यालय चंबा, 9 सितंबर को उपरोजगार कार्यालय डल्हौजी, 10 सितंबर को उपरोजगार कार्यालय सुंडला और 11 सितंबर को उपरोजगार कार्यालय तीसा में आयोजित किया जाएगा। सभी स्थानों पर इंटरव्यू का समय सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक रहेगा।
शैक्षणिक योग्यता और शारीरिक मापदंड तय
जिला रोजगार अधिकारी जितेंद्र सिंह वर्मा ने बताया कि यह भर्ती केवल पुरुष उम्मीदवारों के लिए है। सुरक्षा गार्ड के पदों के लिए उम्मीदवार का कम से कम 10वीं पास होना जरूरी है। अभ्यर्थी की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
शारीरिक मापदंड के तहत उम्मीदवार की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। इसके अलावा वजन 55 से 95 किलोग्राम के बीच होना अनिवार्य है।
प्रशिक्षण के बाद मिलेगा 24 हजार रुपये तक वेतन
रोजगार अधिकारी ने बताया कि कैंपस इंटरव्यू में चयनित उम्मीदवारों को कंपनी की ओर से पहले एक महीने का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चयनित युवाओं को 17,000 से 24,000 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। इसके अलावा कंपनी के नियमों के अनुसार अन्य लाभ भी दिए जाएंगे।
इंटरव्यू में साथ लाने होंगे ये दस्तावेज
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार निर्धारित तारीख को अपने नजदीकी रोजगार कार्यालय में सुबह 10:30 बजे पहुंच सकते हैं। अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक योग्यता के मूल प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो, रोजगार कार्यालय में पंजीकरण का प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और अपना विस्तृत बायोडाटा लाना होगा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि कैंपस इंटरव्यू में शामिल होने वाले किसी भी उम्मीदवार को यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। ऐसे में योग्य पुरुष उम्मीदवार निर्धारित तिथि और समय पर जरूरी दस्तावेजों के साथ इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


