हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। समरहिल इलाके में एक व्यक्ति के बैंक खातों से बिना किसी OTP, फोन कॉल या लिंक पर क्लिक किए करीब 1.99 लाख रुपये निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह है कि साइबर ठगों ने बैंक में सुरक्षित रखी फिक्स्ड डिपॉजिट को भी ऑनलाइन तोड़कर रकम निकाल ली।
फोन अचानक हैंग हुआ, मैसेज आया और चेक करने पर सामने आया बड़ा झटका
समरहिल निवासी इंद्रजीत के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे उनका मोबाइल फोन अचानक हैंग हो गया और काम करना बंद कर दिया। इसके बाद फोन की स्क्रीन पर एक मैसेज फ्लैश हुआ, जिसमें उन्हें अपना बैंक बैलेंस चेक करने के लिए कहा गया। किसी तरह बैलेंस चेक करने पर उन्हें पता चला कि उनके खातों से रकम निकाली जा चुकी है।
SBI और ICICI के खातों को बनाया निशाना, FD से भी निकाले 1 लाख रुपये
पीड़ित के मुताबिक साइबर ठगों ने SBI और ICICI बैंक के खातों को निशाना बनाया और कुल 1 लाख 99 हजार रुपये की रकम निकाल ली। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि ICICI बैंक में रखी फिक्स्ड डिपॉजिट को भी ऑनलाइन तोड़ दिया गया और उसमें से 1 लाख रुपये निकाल लिए गए। इंद्रजीत का कहना है कि पूरी घटना के दौरान न तो उन्हें किसी ठग का फोन आया और न ही उनके मोबाइल नंबर पर कोई OTP प्राप्त हुआ।
पुलिस और बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
ठगी का पता चलते ही इंद्रजीत ने साइबर सेल में लिखित शिकायत दर्ज करवाई। हालांकि, उनका आरोप है कि पुलिस की ओर से उन्हें कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला और केवल यह कहकर बात टाल दी गई कि देखते हैं क्या होता है। पीड़ित ने बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ग्राहकों की गाढ़ी कमाई सुरक्षित रखने में बैंक नाकाम साबित हो रहे हैं और घटना के बाद जिम्मेदारी से बचने की कोशिश करते हैं। इस मामले ने बिना OTP, कॉल या लिंक के बैंक खातों से रकम निकलने को लेकर आम लोगों और साइबर सुरक्षा से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ा दी है।




For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


