चंबा जिले के चुराह की बेटी नीतू ने नेपाल के पोखरा में आयोजित यूथ गेम्स इंटरनेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से चुराह क्षेत्र में खुशी की लहर है। संघर्षों और सीमित संसाधनों के बीच पली-बढ़ी नीतू की सफलता उन बेटियों के लिए प्रेरणा बनी है, जो बड़े सपने देखती हैं और उन्हें पूरा करने के लिए लगातार मेहनत करती हैं।

चरोड़ी पंचायत के सुखरेठी गांव निवासी नीतू परस राम की बेटी हैं। उनका बचपन संघर्षों से भरा रहा। महज ढाई साल की उम्र में उनके सिर से पिता का साया उठ गया था। इसके बाद परिवार की पूरी जिम्मेदारी उनकी मां बालो देवी के कंधों पर आ गई। उन्होंने मेहनत-मजदूरी कर बेटी का पालन-पोषण किया और उसकी पढ़ाई जारी रखी। आर्थिक परेशानियों के बावजूद उन्होंने नीतू के सपनों को आगे बढ़ने से नहीं रोका।

नीतू को बचपन से ही खेलों में खास रुचि थी। दौड़ में उनकी प्रतिभा को परिवार और शिक्षकों ने पहचाना। उन्होंने खेल को सिर्फ शौक तक सीमित नहीं रखा, बल्कि लगातार अभ्यास और मेहनत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लिया। समय के साथ उनकी प्रतिभा निखरती गई और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उनका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता गया। नेपाल में 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर नीतू ने अपनी मेहनत को बड़ी उपलब्धि में बदल दिया।
नीतू ने कल्हेल विद्यालय से जमा दो की कक्षा उत्तीर्ण की है। वर्तमान में वह बिहार अकादमी में प्रशिक्षण ले रही हैं। यहां वह दौड़ की तकनीक, गति और फिटनेस पर लगातार मेहनत कर रही हैं। उनका लक्ष्य खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करना है।

ऊंची कूद में रिद्धि कौशल ने जीता गोल्ड, राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन
दून वैली पब्लिक स्कूल नालागढ़ के विद्यार्थियों ने हरियाणा के कैथल स्थित आरकेएसडी पब्लिक स्कूल में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर एथलेटिक्स मीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक जीते। प्रतियोगिता में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के 50 से अधिक सीबीएसई से संबद्ध विद्यालयों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
रिद्धि कौशल ने अंडर-19 वर्ग की हाई जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा उन्होंने 400 मीटर दौड़ में कांस्य पदक भी जीता। शानदार प्रदर्शन के आधार पर रिद्धि कौशल का चयन अक्तूबर में पटियाला में होने वाली सीबीएसई राष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है।
अंडर-19 वर्ग में जीनल चंदेल ने ट्रिपल जंप में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं अंडर-17 वर्ग में प्रभनूर सैणी ने ट्रिपल जंप में कांस्य पदक जीता। अंडर-19 चार गुणा 400 मीटर रिले में रिद्धि कौशल, जीनल चंदेल, अरुणिमा ठाकुर, अमोधनी और दिव्या ठाकुर ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

विद्यालय के प्रबंध निदेशक राजीव शर्मा और प्रधानाचार्य सुनील गंगटा ने सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई दी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


