शाहपुर, 9 अगस्त। प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में लाभार्थियों से सीधे संवाद का सिलसिला जारी है। शनिवार को शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने चढ़ी में रैत ब्लॉक की विभिन्न पंचायतों के चिह्नित लाभार्थियों से संवाद किया। यह लाभार्थी ग्रामीण विकास विभाग की ओर से फेस-1 से फेस-8 के सर्वे के तहत चिह्नित किए गए हैं।

कार्यक्रम में चढ़ी, घरोह, लांजनी, मेटी, कजलोट, कल्याडा, सुधेड़, नागनपट्ट, भितलु, अनसूई, रावा और करेरी पंचायतों के चिह्नित लाभार्थियों से बातचीत की गई। केवल सिंह पठानिया ने कहा कि संवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सर्वे के तहत चिह्नित लोगों से सीधे बातचीत करना है, ताकि पात्र व्यक्तियों के चयन में किसी प्रकार की कमी न रह जाए।
उन्होंने कहा कि संवाद के दौरान सामने आने वाले सुझावों, अच्छी बातों और पात्र व्यक्ति से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों को प्रदेश सरकार के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंद तक पहुंच सके।

पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्पष्ट उद्देश्य है कि प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचे। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं एक आम परिवार से संबंध रखते हैं और उनका स्पष्ट निर्देश है कि गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की हरसंभव सहायता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने बताया कि रैत ब्लॉक में किए गए सर्वे के तहत कुल 3,503 लोगों को चिह्नित किया गया है। उन्होंने पंचायत सचिवों को निर्देश दिए कि वे पात्र और जरूरतमंद लोगों की सेवा भाव से सहायता करें तथा यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से छूट न जाए।

उपमुख्य सचेतक ने कहा कि इसी तरह के संवाद कार्यक्रम पूरे शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से लाभार्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं, सुझावों और जरूरतों को जाना जा रहा है। इसके बाद इन मामलों को सरकार के समक्ष रखा जाएगा, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
शाहपुर के एसडीएम गणेश ठाकुर ने संवाद कार्यक्रम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपमुख्य सचेतक को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी।
संवाद कार्यक्रम में पहुंचने पर चढ़ी पंचायत के प्रधान सुनीत कुमार ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सुरेंद्र ने भी अपने विचार रखे।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, जिला परिषद सदस्य संदीप, सहायक अभियंता लोक निर्माण बलवीत दियोलिया, प्रधानाचार्य चढ़ी, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष सुरजीत राणा, प्रदीप बलौरिया, नागनपट्ट पंचायत के प्रधान सुशील, घरोह के देवेंद्र नाथ, भितलु की प्रधान सुनीता, मेटी पंचायत के प्रधान अंकित, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, संजय शर्मा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रधान, उपप्रधान एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत सचिव, चिह्नित लाभार्थी तथा स्थानीय गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


