कांगड़ा: हिमाचल प्रदेश में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस और प्रशासन ने अब सख्त रणनीति अपनानी शुरू कर दी है। अब कार्रवाई केवल नशे की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध संपत्तियों और निर्माणों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसी अभियान के तहत बुधवार को उपमंडल इंदौरा के डमटाल में एनडीपीएस मामले के एक आरोपी के अवैध निर्माण को प्रशासन ने पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।

यह कार्रवाई सक्षम प्राधिकारी के आदेशों के अनुपालन में की गई। पुलिस के अनुसार डमटाल निवासी शशि कुमार पुत्र गुरदयाल सिंह के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत पहले से दो मामले दर्ज हैं। आरोपी का मामला सक्षम प्राधिकारी के समक्ष भेजा गया था, जहां से आदेश मिलने के बाद संबंधित नियमों के तहत उसके अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई अमल में लाई गई।

कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की कड़ी निगरानी में पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति सामने नहीं आई।

पुलिस जिला नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धर्म चंद वर्मा ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि नूरपुर पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि डमटाल में की गई यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों की संदिग्ध संपत्तियों और अवैध निर्माणों पर नियमों के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

एएसपी धर्म चंद वर्मा ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशासन की यह कार्रवाई नशे के कारोबार में शामिल लोगों के लिए कड़ा संदेश है और आगे भी कानून के दायरे में रहकर ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


