निदेशक स्कूल शिक्षा आशीष कोहली का बड़ा एक्शन! खराब बोर्ड रिजल्ट पर 50 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में बोर्ड परीक्षाओं के कमजोर परिणामों को लेकर शिक्षा विभाग ने सख्त कदम उठाया है। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने दसवीं और बारहवीं कक्षा के परीक्षा परिणामों की समीक्षा शुरू करते हुए 25 फीसदी से कम परिणाम देने वाले 50 शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। संबंधित शिक्षकों को 15 दिनों के भीतर अपना जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।

नोटिस में शिक्षकों से पूछा गया है कि उनके विद्यालयों का परीक्षा परिणाम इतना खराब क्यों रहा। शिक्षा निदेशालय ने उनसे कमजोर प्रदर्शन के पीछे के कारणों की विस्तृत जानकारी मांगी है, ताकि पूरे मामले की समीक्षा की जा सके।
शिक्षा विभाग ने साफ किया है कि यदि संबंधित शिक्षकों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उनकी वार्षिक वेतनवृद्धि यानी इंक्रीमेंट भी रोकी जा सकती है।

इस वर्ष की बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों का स्कूल और विषयवार विश्लेषण भी शुरू कर दिया गया है। जिन सरकारी स्कूलों में लगातार कमजोर परीक्षा परिणाम सामने आए हैं, वहां शिक्षण व्यवस्था और शैक्षणिक गतिविधियों की भी गहन समीक्षा की जा रही है। विभाग का उद्देश्य कमजोर प्रदर्शन के कारणों की पहचान कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना है।
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए शिक्षकों की जवाबदेही तय करना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से कमजोर परीक्षा परिणाम वाले मामलों में जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। ऐसे में जिन शिक्षकों के परीक्षा परिणाम बेहद कम रहे हैं, उनसे स्पष्टीकरण लेना आवश्यक है ताकि भविष्य में विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


