नगरोटा बगवां, 16 जुलाई। कांगड़ा जिले के नगरोटा बगवां के समीप उपरली कोठी (गुजरेहड़ा) गांव में चोरों ने एक सूने घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वारदात के दौरान घर में मौजूद अकेली महिला को चोरों ने उसके कमरे में बाहर से बंद कर दिया और आराम से चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार घटना के समय घर में केवल रजनी देवी मौजूद थीं। उनके पति भगवान दास घर से बाहर गए हुए थे, जबकि बेटा और बहू नौकरी के सिलसिले में गुजरात में रहते हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात करीब 2:30 बजे चोर घर में घुसे। सबसे पहले उन्होंने रजनी देवी के कमरे को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया, ताकि वह बाहर न निकल सकें। इसके बाद चोर दूसरे कमरे में पहुंचे और वहां रखी अलमारी का लॉकर तोड़ दिया।
चोर अलमारी में रखे सास-बहू के सोने के गहने अपने साथ ले गए। चोरी हुए आभूषणों में नथ, मांग टीका, मंगलसूत्र, अंगूठियां और अन्य सोने के गहने शामिल हैं। इसके अलावा चोर करीब 2,500 रुपये की नकदी भी ले गए। परिजनों के अनुसार मौजूदा बाजार मूल्य के हिसाब से चोरी हुए गहनों की कीमत लगभग 8 से 9 लाख रुपये आंकी गई है।

सुबह करीब छह बजे जब रजनी देवी की नींद खुली तो उन्होंने खुद को कमरे में बंद पाया। किसी तरह दरवाजा खुलवाने के बाद जब वह दूसरे कमरे में पहुंचीं तो अलमारी का टूटा हुआ लॉकर और बिखरा सामान देखकर उनके होश उड़ गए। इसके तुरंत बाद उन्होंने नगरोटा बगवां पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डीएसपी कांगड़ा मनोज धीमान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों का सुराग जुटाने के लिए आसपास के क्षेत्र में छानबीन की जा रही है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


