हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से शादी के नाम पर कथित ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक परिवार से शादी का झांसा देकर करीब 18 लाख रुपये ऐंठ लिए गए और बाद में दुल्हन पक्ष के लोग अचानक संपर्क से बाहर हो गए। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार मामला पुलिस चौकी अवाहदेवी के अंतर्गत आने वाले संगरोह गांव का है। शिकायतकर्ता कुसुम लता ने पुलिस को बताया कि आरोपी युवती के भाई ने अपना स्थायी पता कांगड़ा बस स्टैंड के पास बताया था। दोनों परिवारों के बीच बातचीत और सहमति के बाद 20 जून को चंडीगढ़ में रिंग सेरेमनी का आयोजन किया गया। इस दौरान वर पक्ष ने होने वाली दुल्हन को सोने के आभूषण और कई कीमती उपहार भी भेंट किए। दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से 12 जुलाई को विवाह की तारीख तय की थी।
शिकायत के अनुसार सगाई के बाद दुल्हन पक्ष ने व्यापार में निवेश और अन्य जरूरी कामों का हवाला देकर वर पक्ष से करीब 18 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद 7 जुलाई को युवती के भाई ने फोन कर बताया कि कनाडा में उनके सगे मामा का अचानक निधन हो गया है और पूरा परिवार तत्काल विदेश जा रहा है। इस बातचीत के बाद आरोपियों के सभी मोबाइल नंबर बंद हो गए।

जब परिवार को शक हुआ तो उन्होंने 11 जुलाई को उस मैरिज पैलेस से संपर्क किया, जहां 12 जुलाई को शादी होने की बात कही गई थी। वहां से पता चला कि इस नाम से कोई बुकिंग ही नहीं करवाई गई थी। शादी की बुकिंग फर्जी निकलने के बाद परिवार को एहसास हुआ कि वे एक बड़े ठगी गिरोह का शिकार हो चुके हैं।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस घटना के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।

For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!


