शाहपुर। जिला कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शाहपुर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों के कब्जे से 1.78 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को पुलिस थाना शाहपुर की टीम द्रम्मण क्षेत्र में नियमित गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एचडीएफसी बैंक के पास सर्विस रोड पर एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया। पुलिस को देखकर बाइक के पीछे बैठे युवक ने अपने पास मौजूद एक संदिग्ध पुड़िया सड़क पर फेंक दी और उसे पैर से छिपाने की कोशिश की। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली तो पुड़िया से 1.78 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान नीरज राणा (25) निवासी गांव सुधेड़ और साहिल (26) निवासी गांव घरोह, तहसील धर्मशाला, जिला कांगड़ा के रूप में की है। दोनों के खिलाफ पुलिस थाना शाहपुर में एफआईआर संख्या 72/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 25 और 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को धारा 35(3), बीएनएसएस के तहत नोटिस जारी किया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

जिला कांगड़ा पुलिस ने कहा है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें नशे से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!