सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों के पक्षकारों के लिए राहत भरी खबर है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) कांगड़ा के सचिव आर. मिहुल शर्मा ने बताया कि समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत) 2026 में शामिल होने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 31 जुलाई 2026 कर दी गई है। इस पहल का उद्देश्य आपसी सहमति और मध्यस्थता के माध्यम से लंबित मामलों का त्वरित और सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है।
उन्होंने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय में लंबित मामलों के पक्षकारों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अवसर है, जिसके माध्यम से वे बिना लंबी न्यायिक प्रक्रिया के अपने विवादों का समाधान प्राप्त कर सकते हैं। विशेष लोक अदालत के जरिए आपसी समझौते और मध्यस्थता को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे समय और संसाधनों दोनों की बचत होती है।

आर. मिहुल शर्मा ने जानकारी दी कि आम नागरिकों तक न्याय को अधिक सुलभ बनाने के उद्देश्य से सर्वोच्च न्यायालय ने 21 अप्रैल 2026 से समाधान समारोह 2026 की शुरुआत की है। इसके तहत लंबित मामलों को विशेष लोक अदालत में शामिल करने के लिए एक सरल ऑनलाइन गूगल फॉर्म उपलब्ध कराया गया है, जिसे सर्वोच्च न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर एक्सेस किया जा सकता है।
इच्छुक पक्षकार निर्धारित ऑनलाइन लिंक के माध्यम से आवेदन भरकर अपने मामलों को इस विशेष लोक अदालत में शामिल करवा सकते हैं। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। किसी भी प्रकार की सहायता या अतिरिक्त जानकारी के लिए सर्वोच्च न्यायालय के वन स्टॉप सेंटर के दूरभाष नंबर 011-23116464, 011-23116465 और 011-23112428 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा सीआरपी निदेशक से 011-23225652 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!