शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के कुठार गांव के युवा मरीन इंजीनियर अन्जेश जोशी ने फिलीपींस के सुबिक बे में आयोजित विश्व प्रसिद्ध एंड्योरेंस प्रतियोगिता Ironman 70.3 को सफलतापूर्वक पूरा कर हिमाचल प्रदेश और देश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि के बाद रैत में उनका भव्य स्वागत किया गया और क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला।


रैत पहुंचने पर शाहपुर के विधायक एवं उप मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने स्थानीय लोगों के साथ अन्जेश जोशी का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्हें शॉल और हिमाचली टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया। विधायक ने कहा कि अन्जेश ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।

अन्जेश जोशी ने Ironman 70.3 जैसी कठिन प्रतियोगिता को 6 घंटे 13 मिनट 53 सेकंड में पूरा किया। उन्होंने 30 से 34 वर्ष आयु वर्ग के 52 प्रतिभागियों में 22वां स्थान हासिल किया, जबकि कुल 470 अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के बीच 142वीं रैंक प्राप्त की। यह प्रतियोगिता दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण सहनशक्ति परीक्षाओं में गिनी जाती है, जिसमें लगातार 1.9 किलोमीटर तैराकी, 90 किलोमीटर साइकिलिंग और 21.1 किलोमीटर हाफ मैराथन पूरी करनी होती है।


पेशे से मरीन इंजीनियर अन्जेश ने समुद्र में नौकरी के दौरान जहाज पर उपलब्ध सीमित संसाधनों के बीच ट्रेडमिल और स्टेशनरी बाइक की मदद से महीनों तक कठिन अभ्यास किया। फिलीपींस की भीषण गर्मी, उमस और तेज हवाओं जैसी कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया।




अन्जेश जोशी गांव कुठार, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के निवासी हैं। उनके पिता संजय जोशी सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर हैं, जबकि माता अंजना जोशी वर्तमान में झरेड़ पंचायत की प्रधान हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा केवी जम्मू और भनाला से प्राप्त की तथा बाद में पुणे के प्रतिष्ठित तुलानी मैरीटाइम इंस्टीट्यूट से बी.टेक (मरीन इंजीनियरिंग) की डिग्री हासिल की।


उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। विधायक केवल सिंह पठानिया ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि अन्जेश की सफलता युवा पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए प्रेरित करेगी।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!