हिमाचल प्रदेश में नशा माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर की CIA टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने अंतर्राज्यीय नशा तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए एक कार से 264.6 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) बरामद की है। बरामद की गई इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 15 लाख रुपए से अधिक आंकी जा रही है। पुलिस ने मौके से पंजाब के एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एसपी नूरपुर कुलभूषण वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को नशा तस्करी को लेकर गुप्त सूचना मिली थी। इसी आधार पर CIA स्टाफ ने उलेहड़ियां-मीलवां मार्ग पर रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी की थी। चेकिंग के दौरान वहां से गुजर रही एक सफेद होंडा अमेज कार को जांच के लिए रोका गया।

तलाशी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई, जब पता चला कि तस्कर ने बड़ी चालाकी से हैरोइन का पैकेट कार के स्टीयरिंग काउल कवर के अंदर छिपा रखा था। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर यह पदार्थ हैरोइन (चिट्टा) पाया गया। वजन करने पर इसकी मात्रा 264.6 ग्राम निकली, जो एनडीपीएस एक्ट के तहत व्यावसायिक श्रेणी में आती है।
पुलिस ने तुरंत नशे की खेप और कार को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान 41 वर्षीय जितेंद्र सिंह निवासी भर्टवाल, तहसील बटाला, जिला गुरदासपुर (पंजाब) के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि आरोपी का नेटवर्क तीन राज्यों जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में फैला हुआ है और उसके खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी से सख्ती से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और हिमाचल में किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी। एसपी नूरपुर के अनुसार, इस गिरफ्तारी से तीन राज्यों में फैले ड्रग नेटवर्क की कई अहम कड़ियां उजागर होने की उम्मीद है।
For advertisements inquiries on HIM Live TV, Kindly contact us!
Connect with us on Facebook and WhatsApp for the latest updates!